भारत मंडपम में AI इम्पैक्ट समिट के दौरान हंगामा, इंडियन यूथ कांग्रेस के 4 कार्यकर्ता हिरासत में

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के प्रतिष्ठित आयोजन स्थल भारत मंडपम में चल रहे AI इम्पैक्ट समिट के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुछ लोगों ने अचानक विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले में दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 4 लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि लगभग 10 लोगों को डिटेन कर पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की है। प्रदर्शनकारी क्यूआर कोड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर समिट स्थल के हॉल नंबर-5 में प्रवेश कर गए थे। बताया जा रहा है कि सभी ने स्वेटर और जैकेट पहन रखी थी। अंदर प्रवेश करने के बाद इन्होंने लॉबी एरिया में अपने स्वेटर और जैकेट उतारकर अचानक नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए तत्काल कार्रवाई की और प्रदर्शनकारियों को हॉल से बाहर निकाल दिया। इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस के मुताबिक हिरासत में लिए गए लोग इंडियन यूथ कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ता हैं। जिन प्रमुख नामों की पहचान हुई है, उनमें—

  • बिहार से 35 वर्षीय कृष्णा, जो राष्ट्रीय सचिव बताए जा रहे हैं।
  • बिहार से 33 वर्षीय कुंदन यादव, प्रदेश सचिव।
  • उत्तर प्रदेश से अजय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष।
  • महबूब नगर, तेलंगाना से नरसिम्हा यादव, राष्ट्रीय समन्वयक।

अन्य लोगों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। नई दिल्ली के डीसीपी देवेश कुमार के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति इस प्रकार का प्रदर्शन सुरक्षा व्यवस्था के उल्लंघन की श्रेणी में आता है। फिलहाल मामले में एफआईआर दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।

AI इम्पैक्ट समिट जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के दौरान इस प्रकार की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया और कार्यक्रम में किसी प्रकार की बड़ी बाधा नहीं आई।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि प्रदर्शन की पूर्व योजना क्या थी तथा इसके पीछे क्या उद्देश्य था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *