शिवराजपुर (कानपुर देहात), 17 फरवरी 2026। कस्बा शिवराजपुर के पुराना जीटी रोड स्थित विनोद कोल्ड स्टोरेज के पास मंगलवार सुबह दो दुकानों में अचानक आग लग गई। सूचना के अनुसार सुबह 05:02 बजे कॉलर शिवम द्वारा आग लगने की जानकारी फायर विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन बिल्हौर से प्रभारी अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में अग्निशमन वाहन संख्या 4129 सहित दमकल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचने पर दो दुकानों में आग धधकती हुई पाई गई, जिस पर तत्काल काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए।
आग बुझाने के दौरान एक मिष्ठान भंडार में रखे एलपीजी गैस सिलेंडर अचानक फट गए, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति गंभीर हो गई। हालांकि, दमकल कर्मियों ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए आग को चारों ओर से घेरकर पूरी तरह बुझा दिया।
इस घटना में किसी प्रकार की कोई जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। समय रहते आग पर काबू पा लेने से आसपास की अन्य दुकानों और मकानों को भी सुरक्षित बचा लिया गया।

