कानपुर। भैरोघाट चौराहे पर रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार लैंबार्गिनी कार ने पहले एक ऑटो, फिर बुलेट सवारों और उसके बाद पैदल जा रहे युवक को टक्कर मारते हुए बिजली के खंभे में जा टकराई। इस हादसे में बुलेट सवार ममेरे भाइयों समेत तीन लोग घायल हो गए, जबकि एक युवक कार की टक्कर से उछलकर करीब दूर जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खलासी लाइन निवासी सोनू त्रिपाठी अपने ममेरे भाई विशाल त्रिपाठी के साथ बुलेट से वीआईपी रोड गए थे। भैरोघाट चौराहे के पास बुलेट खड़ी कर दोनों आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार काले रंग की लैंबार्गिनी कार आती दिखाई दी। कार ने सबसे पहले एक ऑटो में जोरदार टक्कर मारी, यह देख सोनू ने विशाल को हटाने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले ही कार ने उनकी बुलेट को टक्कर मार दी। कार का पहिया बुलेट पर चढ़ गया, जिससे दोनों भाइयों को मामूली चोटें आईं। इसके बाद कार ने पैदल जा रहे चमनगंज निवासी तौफीक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तौफीक उछलकर दूर जा गिरा। उसके पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद कार बिजली के एक खंभे से टकराकर रुकी। घटना को देखते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कार सवार को घेर लिया। तभी पीछे से फॉर्च्यूनर गाड़ी में आए पांच से छह बाउंसरों ने भीड़ को हटाकर कार सवार को निकालने का प्रयास किया। घटना के कारण मौके पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर ग्वालटोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। कार सवार को नाक में चोट आई थी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

