उन्नाव में भीषण सड़क हादसा: ट्रकों की टक्कर के बाद बाइक सवार एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत

उन्नाव जिले के सोहरामऊ थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, लखनऊ से अजगैन लौट रहे वीरेंद्र (40) अपनी पत्नी रीतू (35) और बच्चों अनुराधा (9) व रुद्र (6) के साथ बाइक पर सवार थे। सभी एक शादी समारोह में शामिल होकर घर वापस लौट रहे थे। उनके साथ दूसरी बाइक पर साढ़ू और परिवार की सबसे बड़ी बेटी भी चल रही थी, जबकि अन्य तीन बेटियां घर पर ही थीं।

सोहरामऊ क्षेत्र के भल्ला फार्म के पास तेज रफ्तार में आ रहे दो ट्रकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे चल रही बाइक को चपेट में लेते हुए परिवार को कुचलता चला गया। हादसा इतना भयावह था कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों ट्रकों को कब्जे में लेकर एक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

हादसे का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं आवश्यक कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं।

इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *