मुंबई एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, एअर इंडिया–इंडिगो विमानों के पंख टकराए

मुंबई: छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार, 3 फरवरी को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। रनवे के पास टैक्सीवे पर एअर इंडिया और इंडिगो के दो विमानों के पंख (विंगटिप्स) आपस में टकरा गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को कोई चोट नहीं आई और सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एअर इंडिया की फ्लाइट AI 2732, जो मुंबई से कोयंबटूर के लिए उड़ान भरने वाली थी, टैक्सीवे पर खड़ी थी और उड़ान की अनुमति का इंतजार कर रही थी। उसी समय हैदराबाद से मुंबई पहुंची इंडिगो की फ्लाइट 6E 791 लैंडिंग के बाद टैक्सी करते हुए आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान दोनों विमानों के पंखों के सिरे आपस में रगड़ गए।

विमान को हुआ नुकसान इस टक्कर में एअर इंडिया के विमान के विंगटिप को नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद दोनों विमानों को तुरंत रोक दिया गया और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए। जांच के आदेश एयरपोर्ट अथॉरिटी और संबंधित एयरलाइंस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर टैक्सीवे पर मूवमेंट के दौरान हुई चूक को हादसे की वजह माना जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सटीक कारणों का खुलासा हो पाएगा। एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *