पूज्य महाराज प्रेमानंद जी के चरणों में दिव्यांग बच्चों को मिला दिव्य दर्शन

सलोनी तिवारी: कानपुर। दिव्यांग डेवलपमेंट सोसाइटी (DDS), कानपुर के लिए यह दिन अत्यंत भावुक, प्रेरणादायक और अविस्मरणीय बन गया, जब संस्था के मूक-बधिर बच्चों को पूज्य महाराज प्रेमानंद जी के चरणों में उपस्थित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। यह क्षण केवल एक दर्शन भर नहीं था, बल्कि असीम कृपा, करुणा और प्रेम का सजीव अनुभव था।
दिव्यांग बच्चों द्वारा प्रस्तुत किया गया भजन अत्यंत मनमोहक, भावपूर्ण और आत्मा को स्पर्श करने वाला था। शब्दों के बिना भी उनकी भावनाएं, श्रद्धा और भक्ति ने ऐसा वातावरण रच दिया कि वहां उपस्थित हर व्यक्ति भावविभोर हो उठा। ऐसा प्रतीत हुआ मानो स्वयं महाराज जी का आशीर्वाद उस क्षण साकार हो गया हो।
बच्चों की इस दिव्य प्रस्तुति से प्रसन्न होकर पूज्य महाराज प्रेमानंद जी ने आशीर्वाद स्वरूप संस्था की सचिव मनप्रीत कौर को ₹1100/- तथा सभी दिव्यांग बच्चों को ₹500/- प्रति बच्चा प्रेम और कृपा के रूप में भेंट किए। यह केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि दिव्यांग बच्चों के आत्मविश्वास, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनका आशीर्वाद था।
इस पूरे दृश्य को शब्दों में बांध पाना कठिन है। यह क्षण यह संदेश देता है कि दिव्यांगता किसी भी तरह से सामर्थ्य की कमी नहीं है, बल्कि भक्ति, लगन और समर्पण से हर बाधा को पार किया जा सकता है।
दिव्यांग डेवलपमेंट सोसाइटी (DDS) ने इस अवसर पर पूज्य महाराज जी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कामना की कि श्रीजी की कृपा सभी बच्चों, संस्था और समाज पर सदा बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *