प्रयागराज। पावन माघी पूर्णिमा स्नान पर्व के अवसर पर धर्म, आस्था और संस्कृति की संगम स्थली तीर्थराज प्रयाग स्थित पुण्य त्रिवेणी में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि आज 2.1 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाकर भारत की अखंड और शाश्वत सनातन परंपरा को नमन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्नान का पुण्य लाभ अर्जित करने वाले समस्त पूज्य साधु-संतों, धर्माचार्यों, कल्पवास हेतु पधारे साधकों एवं देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं का कोटिशः अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक एकता और सनातन मूल्यों का जीवंत उदाहरण है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने इस पावन स्नान पर्व के शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन, स्थानीय प्रशासन, मेला प्रबंधन, स्वच्छता सेवकों, स्वयंसेवी संगठनों, नाविक बंधुओं तथा प्रदेश सरकार के सभी संबंधित विभागों को हार्दिक साधुवाद दिया।
माघी पूर्णिमा के अवसर पर प्रयागराज में सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए सरकार और प्रशासन का आभार जताया।

