सलोनी तिवारी: नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में बजट 2026 पेश कर दिया है। इस बजट में सरकार ने गरीब, किसानों और बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष जोर दिया है, लेकिन मिडिल क्लास को इनकम टैक्स के मोर्चे पर निराशा हाथ लगी है। वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि आयकर स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है और स्टैंडर्ड डिडक्शन भी पहले की तरह ही रहेगा।
इनकम टैक्स में राहत न मिलने और शेयर बाजार के लिए किसी बड़े प्रोत्साहन की घोषणा न होने से बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। बजट पेश होते ही शेयर बाजार धड़ाम हो गया और निफ्टी-50 करीब पौने तीन फीसदी गिरकर 25,600 के नीचे आ गया।
बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देने के लिए बड़ा ऐलान करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि देश में 7 नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाए जाएंगे। ये कॉरिडोर मुंबई-पुणे, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-बेंगलुरु, हैदराबाद-चेन्नई और सिलीगुड़ी-वाराणसी के बीच विकसित किए जाएंगे, जिससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक रेल सुविधा मिलेगी।
इसके साथ ही टेक्सटाइल सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए मेगा टेक्सटाइल पार्क बनाने की घोषणा की गई है। सरकार ने नेशनल फाइबर स्कीम, मैन-मेड फाइबर, एडवांस्ड फाइबर और नेशनल हैंडलूम पॉलिसी के जरिए कारीगरों और बुनकरों को प्रोत्साहन देने का भरोसा दिलाया है। इसके तहत एकेडमिक और तकनीकी संस्थानों से सहयोग लेकर टेक्सटाइल उद्योग को नई तकनीक और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
