प्रयागराज। माघ मेला क्षेत्र में गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) से जुड़े किसानों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने विशेष बस सेवा और स्पेशल ट्रेन के संचालन की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने मेला क्षेत्र के किला मार्ग पर सड़क जाम कर दी, वहीं सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर रेलवे ट्रैक को भी अवरुद्ध कर दिया।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन के अधिकारी तथा रेलवे पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों द्वारा किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। प्रशासन की ओर से मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद किसान शांत हुए और जाम समाप्त कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि माघ मेला में स्नान के लिए भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) सहित विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में प्रयागराज पहुंचते हैं। पिछले दो दिनों से इस संगठन के पदाधिकारी व सदस्य मेला क्षेत्र में डटे हुए थे। गुरुवार को संगठन का अधिवेशन भी संपन्न हुआ।
अधिवेशन के बाद शाम के समय सूबेदारगंज स्टेशन तक जाने के लिए रोडवेज बसों की व्यवस्था न होने से नाराज किसानों ने किला मार्ग पर जाम लगा दिया। किसानों का कहना था कि श्रद्धालुओं और किसानों की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष बस और ट्रेन सेवाएं संचालित की जानी चाहिए, ताकि किसी को असुविधा न हो।

