चित्रकूट जनपद के बरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगढ़ बाजार में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। स्थानीय व्यापारी अशोक केसरवानी के 13 वर्षीय पुत्र आयुष का घर के बाहर से अपहरण कर लिया गया था। शाम होते ही बदमाशों ने व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से फिरौती की मांग की, लेकिन व्यापारी ने फिरौती देने से इनकार करते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही बदमाशों ने पकड़े जाने के डर से मासूम आयुष की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को एक बक्से में बंद कर दिया गया और उसके घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे फेंक दिया गया। सूचना मिलने पर बरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बक्से का ताला तुड़वाया, जिसमें आयुष का शव बरामद हुआ।
घटना के बाद पुलिस ने व्हाट्सएप कॉल में इस्तेमाल किए गए नंबर की लोकेशन ट्रेस कर बदमाशों की तलाश शुरू की। पुलिस द्वारा घेराबंदी किए जाने पर बदमाशों ने टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों से मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, आयुष के अपहरण और हत्या के आरोपी इरफान और कल के नाम से पहचाने गए हैं। दोनों आरोपी पहले व्यापारी अशोक केसरवानी के यहां किराए पर रह चुके थे, जिसके चलते आयुष उनसे परिचित था। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी आयुष को अपने साथ ले गए और फिर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।

