कानपुर: कमिश्नरेट पुलिस ने कलक्टरगंज थाना क्षेत्र के धनकुट्टी इलाके में लंबे समय से चल रहे हवाला और सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। सूचना के आधार पर अपर पुलिस उपायुक्त सुमित सुधाकर रामटेके ने कई थानों की फोर्स के साथ एक मकान पर छापेमारी की, मीडिया में आ रही खबरों के अनुसार जब्त की गई चांदी की कीमत भी करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है। छापेमारी के दौरान मौके से नेपाली करेंसी के दो नोट भी मिले हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय हवाला कनेक्शन की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने मकान मालिक सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी हवाला कारोबार के साथ-साथ क्रिकेट बेटिंग एप के जरिए लोगों से पैसे लगवाते थे। आरोपियों के मोबाइल फोन से शेयर मार्केट से जुड़े अवैध एप भी मिले हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पैसों के स्रोत की जांच में जुटी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

