भद्रवाह/जम्मू: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। भद्रवाह-चंबा अंतरराज्यीय मार्ग पर खन्नी टॉप के पास भारतीय सेना का एक वाहन गहरी खाई में गिर गया, जिसमें 10 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 जवान घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सेना के बुलेटप्रूफ वाहन में कुल 21 जवान सवार थे, जो ऊंचाई पर स्थित एक सैन्य चौकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और वाहन करीब 200 फुट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में 10 जवानों की मौत हो गई है। 10 गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है, जबकि एक जवान का भद्रवाह अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भद्रवाह अस्पताल पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। जीएमसी डोडा से एम्बुलेंस के साथ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम भी मौके पर तैनात की गई। गंभीर रूप से घायल जवानों को विशेष उपचार के लिए हवाई मार्ग से उधमपुर स्थित सैन्य अस्पताल भेजा गया है।
इस हादसे पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि डोडा में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में 10 बहादुर भारतीय सेना के जवानों के शहीद होने से उन्हें अत्यंत पीड़ा हुई है। उन्होंने कहा कि देश हमेशा अपने वीर सैनिकों की सेवा और सर्वोच्च बलिदान को याद रखेगा और इस दुख की घड़ी में पूरा देश शहीद जवानों के परिवारों के साथ खड़ा है।

