ब्लैकआउट मॉकड्रिल: कल आधे घंटे तक बंद रहेगी बिजली

कानपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर 23 जनवरी को नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से शहर में ब्लैकआउट मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। इस अभ्यास के तहत शहर के कई इलाकों में निर्धारित समय के लिए बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद रखी जाएगी।

मॉकड्रिल की शुरुआत शाम छह बजे राजकीय इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज से की जाएगी। इस दौरान हवाई हमले की चेतावनी के रूप में दो मिनट तक सायरन बजाया जाएगा। सायरन बजने के बाद कर्नलगंज, ग्वालटोली, नई सड़क, परेड, पीपीएन मार्केट सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में शाम छह बजे से साढ़े छह बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि यह मॉकड्रिल केवल एक अभ्यास है, जिसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों की सतर्कता और तैयारियों की जांच करना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि मॉकड्रिल के दौरान अपने-अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।

प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि इस अभ्यास से भविष्य में किसी भी आपात स्थिति से निपटने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *