फिरोजाबाद: एंटी करप्शन टीम ने JE और संविदाकर्मी को 40 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा

सलोनी तिवारी: फिरोजाबाद जनपद के शिकोहाबाद क्षेत्र में एंटी करप्शन आगरा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत निगम के एक जूनियर इंजीनियर (JE) और एक संविदाकर्मी को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बिजली चोरी के मामले में दर्ज जुर्माने की रकम कम कराने के नाम पर की जा रही रिश्वतखोरी की शिकायत पर की गई।

नौशहरा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े एक उपभोक्ता नीरज ने लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि बिजली चोरी के मामले में उस पर लगाए गए जुर्माने की रकम कम करने के बदले जूनियर इंजीनियर राजेश पाल द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। इस मांग में संविदाकर्मी मुन्नेश भी शामिल था।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने पूरी योजना के तहत कार्रवाई की। बुधवार को भूड़ा भरथना गांव में आयोजित एकमुश्त समाधान योजना (OTS) कैंप के दौरान टीम ने जाल बिछाया। शाम करीब 4:30 बजे जैसे ही आरोपी रिश्वत की रकम ले रहे थे, टीम ने घेराबंदी कर JE राजेश पाल और संविदाकर्मी मुन्नेश को मौके पर ही पकड़ लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ रिश्वत लेने के आरोप में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *