प्रयागराज में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब संगम की दिशा से आ रहा एक टू-सीटर माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट अचानक अनियंत्रित होकर केपी कॉलेज के पीछे स्थित तालाब में जा गिरा। तकनीकी खराबी के कारण हुए इस हादसे ने लोगों को दहला दिया, लेकिन गनीमत रही कि विमान में सवार दोनों पायलट सुरक्षित बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान में खराबी आते ही दोनों पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते पैराशूट खोल दिए। विमान तालाब में गिरने से पहले ही दोनों पायलट पानी में सुरक्षित उतर गए और रेलवे पटरी के पास मौजूद लोगों की ओर हाथ हिलाकर मदद की गुहार लगाई। यह दृश्य देखते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग बिना देर किए तालाब में कूद पड़े।
स्थानीय युवाओं ने साहस का परिचय देते हुए तैरकर पायलटों तक पहुंच बनाई और उन्हें सुरक्षित कंधों पर बैठाकर तालाब से बाहर निकाला। कुछ ही देर में घटनास्थल पर हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही सेना का हेलीकॉप्टर, स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दोनों पायलटों को प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
फिलहाल सेना की टीम तालाब में गिरे एयरक्राफ्ट को बाहर निकालने और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट सेना का था या किसी निजी संस्था का। सेना की ओर से भी इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखें।

