दादा नगर में प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग, 9 फायर यूनिटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू

कानपुर नगर। थाना गोविंद नगर क्षेत्र अंतर्गत दादा नगर स्थित 156 बी विनायक ट्रेडर्स में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की सूचना सुबह करीब 5:30 बजे मिनी कंट्रोल रूम फजलगंज को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपात सेवा, कानपुर नगर की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना हो गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त फैक्ट्री में प्लास्टिक दाना एवं प्लास्टिक से बने सामान व खिलौने तैयार किए जाते थे। फैक्ट्री के अंदर ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी, कानपुर नगर स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया।

आग बुझाने के लिए मिनी कंट्रोल रूम द्वारा पनकी, भैरव घाट, लाटूश रोड, कर्नलगंज, किदवई नगर एवं जाजमऊ फायर स्टेशनों से फायर टेंडरों को मौके पर बुलाया गया। कुल 9 अग्निशमन यूनिटों ने अत्यधिक तापमान और घने धुएं के बीच कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चारों ओर से आग को घेरते हुए पूरी तरह काबू में किया।

अग्निशमन कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास की फैक्ट्रियों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों द्वारा भी शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। अग्निशमन एवं आपात सेवा, कानपुर नगर द्वारा त्वरित कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *