सोना-चांदी की कीमतों में उछाल

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ी मांग और डॉलर में मजबूती के बीच सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोना 5,100 रुपये की बढ़त के साथ 1,53,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले सोना 1,48,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

वहीं चांदी की कीमतों में भी बड़ी तेजी दर्ज की गई। चांदी 20,400 रुपये प्रति किलो महंगी होकर 3,23,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई, जो करीब सात प्रतिशत की बढ़ोतरी है। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार वैश्विक स्तर पर सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से कीमती धातुओं में तेजी बनी हुई है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 66.38 डॉलर यानी 1.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,737.40 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं विदेशी ट्रेड में चांदी भी 95.88 डॉलर प्रति औंस के नए रिकॉर्ड स्तर पर कारोबार करती नजर आई।

विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका-चीन व्यापार तनाव, भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं और वैश्विक आर्थिक चिंताओं के कारण निवेशक सुरक्षित विकल्प के रूप में सोना-चांदी खरीद रहे हैं। इसका सीधा असर भारतीय बाजार पर भी पड़ रहा है।

इसी बीच विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया भी दबाव में रहा। मजबूत डॉलर और विदेशी फंड की लगातार निकासी के चलते रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.97 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *