लेह में आज से खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 का आगाज़, 1000 से अधिक एथलीट लेंगे हिस्सा

सलोनी तिवारी : लेह (लद्दाख)। जम्मू-कश्मीर के लेह में मंगलवार से खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 के लद्दाख चरण की शुरुआत हो रही है। इस प्रतिष्ठित शीतकालीन खेल आयोजन में एथलीटों, कोचों और तकनीकी अधिकारियों सहित 1000 से अधिक पुरुष एवं महिला प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। नवांग दोरजे स्टोबदान (एनडीएस) स्टेडियम, आर्मी रिंक और बर्फ़ से ढकी गुपुख झील 26 जनवरी तक खेलों के प्रमुख आकर्षण केंद्र रहेंगे। खेलों का उद्घाटन समारोह मंगलवार दोपहर आयोजित किया जाएगा।

बर्फ पर खेले जाने वाले दो प्रमुख खेल—आइस स्केटिंग और आइस हॉकी—में कुल 472 एथलीट प्रतिस्पर्धा करेंगे। इस वर्ष का विशेष आकर्षण ओलंपिक स्पर्धा फिगर स्केटिंग को खेलो इंडिया विंटर गेम्स में शामिल किया जाना है। पिछले वर्ष लद्दाख चरण में मेजबान टीम ने 13 में से चार स्वर्ण पदक जीतकर पदक तालिका में पहला स्थान हासिल किया था, जबकि तमिलनाडु और महाराष्ट्र क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे थे।

खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 का पहला चरण केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के युवा सेवा एवं खेल विभाग द्वारा भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) की देखरेख में आयोजित किया जा रहा है। तकनीकी संचालन और विशेषज्ञता राष्ट्रीय खेल संघों और हिम खेलों से जुड़े निकायों द्वारा प्रदान की जा रही है।

केआईडब्ल्यूजी 2026, खेलो इंडिया कैलेंडर का इस वर्ष का दूसरा आयोजन है। इससे पहले 5 से 10 जनवरी तक दीव में खेलो इंडिया बीच गेम्स का सफल आयोजन किया गया था। लेह में होने वाले ये खेल खिलाड़ियों के लिए माइनस डिग्री तापमान और कम ऑक्सीजन जैसी चुनौतीपूर्ण उच्च-ऊंचाई वाली परिस्थितियों में अपनी क्षमता परखने का महत्वपूर्ण अवसर होंगे।

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि वर्ष की शुरुआत भारतीय खेलों के लिए बेहद सकारात्मक रही है। खेलो इंडिया विंटर गेम्स शीतकालीन खेलों में खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता का मंच प्रदान करता है, जो अब तक सीमित अवसरों वाला क्षेत्र रहा है। यह केंद्र की मोदी सरकार के निरंतर प्रयासों का परिणाम है कि आज भारत राष्ट्रीय स्तर पर मल्टी-स्पोर्ट विंटर गेम्स की मेज़बानी कर रहा है।

लद्दाख चरण में आइस हॉकी मुख्य आकर्षण बना हुआ है, वहीं फिगर स्केटिंग को भी एक स्वागत योग्य खेल के रूप में देखा जा रहा है। एशियाई शीतकालीन खेलों में भारत के बेहतर प्रदर्शन ने इस खेल के प्रति उत्साह बढ़ाया है। वरिष्ठ राष्ट्रीय कोच मोहम्मद अब्बास नोर्डक के अनुसार, अधिक प्रतिस्पर्धाएं खिलाड़ियों के लिए अधिक अवसर लेकर आती हैं और यही इस संस्करण को ऐतिहासिक बनाता है।

प्रतियोगिता में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और मेजबान लद्दाख से सबसे अधिक एथलीट शामिल हैं। लद्दाख चरण में कुल 17 स्वर्ण पदक दांव पर होंगे, जिनमें से 15 आइस स्केटिंग के लिए निर्धारित हैं।

खेलो इंडिया विंटर गेम्स से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.winter.kheloindia.gov.in पर देखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *