मकनपुर मेला 2026 को लेकर अग्निसुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, सीएफओ दीपक शर्मा ने दिए सख्त निर्देश

सलोनी तिवारी : कानपुर नगर। आज दिनांक 16 जनवरी 2026 को कानपुर नगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) श्री दीपक शर्मा महोदय द्वारा दिनांक 17 जनवरी 2026 से प्रस्तावित मकनपुर मेला के आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए अग्निसुरक्षा व्यवस्था का संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रभारी एफएसओ भी उनके साथ उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान मेला परिसर में लगाए जा रहे अस्थायी पंडालों, विद्युत व्यवस्था, फायर फाइटिंग उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों एवं भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया। सीएफओ श्री दीपक शर्मा ने मेला आयोजकों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अग्निसुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

उन्होंने निर्देश दिए कि मेला परिसर में पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रहें, विद्युत वायरिंग मानकों के अनुरूप हो तथा ज्वलनशील सामग्री का प्रयोग नियंत्रित रूप से किया जाए। साथ ही, आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए फायर सर्विस टीम की सतत निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

सीएफओ ने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के उपरांत संबंधितों को आवश्यक सुधारात्मक कदम तत्काल उठाने के निर्देश दिए गए, ताकि मकनपुर मेला सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *