आज दिनांक 14 जनवरी 2026 को थाना कोहना क्षेत्र अंतर्गत स्थित गीतिका हाइट्स अपार्टमेंट में आग लगने की सूचना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कर्नलगंज की यूनिट ने त्वरित कार्यवाही करते हुए तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
दमकल कर्मियों ने अपार्टमेंट के 6वें तल पर स्थित फ्लैट संख्या 606 के बेडरूम में लगी आग पर काबू पाया और उसे पूर्ण रूप से बुझा दिया। दमकल विभाग की मुस्तैदी और समय रहते की गई कार्रवाई के चलते आग अन्य फ्लैटों तक फैलने से रोक ली गई।
घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे अपार्टमेंटवासियों ने राहत की सांस ली। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय प्रशासन एवं दमकल विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें।

