सलोनी तिवारी: लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मकर संक्रांति पर्व को लेकर घोषित अवकाश में शासन द्वारा परिवर्तन किया गया है। अब मकर संक्रांति के अवसर पर 14 जनवरी के स्थान पर 15 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इस संबंध में प्रमुख सचिव द्वारा आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, 17 नवंबर 2025 को प्रकाशित की गई वर्ष 2026 की अवकाश सूची में संशोधन किया गया है। पहले मकर संक्रांति के अवसर पर 14 जनवरी, बुधवार को निर्बंधित अवकाश घोषित किया गया था। लेकिन शासन ने विचारोपरांत इस निर्णय में बदलाव करते हुए 15 जनवरी, गुरुवार को नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट, 1881 के अंतर्गत सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।
प्रमुख सचिव ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि मकर संक्रांति पर्व को ध्यान में रखते हुए अब 15 जनवरी को प्रदेश भर में बैंक, सरकारी कार्यालय और अन्य संबंधित संस्थान बंद रहेंगे। वहीं 14 जनवरी को पहले की तरह निर्बंधित अवकाश नहीं माना जाएगा।
शासन के इस फैसले से सरकारी कर्मचारियों, बैंककर्मियों और आम जनता को मकर संक्रांति पर्व मनाने में सुविधा मिलेगी। उल्लेखनीय है कि मकर संक्रांति उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक त्योहार के रूप में मनाई जाती है, जिसमें स्नान, दान और धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष महत्व होता है।

