सलोनी तिवारी: कानपुर। आज 11 जनवरी 2026 को प्राची बंग भवन परिषद में एक भव्य मेगा फ्री हेल्थ चेक-अप कैंप का आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और अनुभवी डॉक्टरों द्वारा किए गए परीक्षण व परामर्श से लाभ उठाया। इस कैंप का आयोजन इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अनुराग मल्होत्रा, IMA की सचिव डॉ. शालिनी मोहन तथा कानपुर के कॉर्पोरेटर श्री सौरभ दवे उपस्थित रहे। अतिथियों ने परिषद द्वारा समाजहित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और ऐसे स्वास्थ्य शिविरों को जनकल्याण के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
इस मेगा हेल्थ कैंप में आम जनता के लिए कई प्रकार की निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इनमें जनरल हेल्थ चेक-अप, बीएमडी (हड्डियों की जांच), न्यूरोपैथी टेस्टिंग, ब्लड शुगर, यूरिक एसिड जांच, फेफड़ों की जांच, स्त्री रोग संबंधी परामर्श तथा दंत चिकित्सा सेवाएं प्रमुख रहीं।
डॉक्टरों के पैनल में डॉ. देबाशीष देब रॉय (फिजिशियन), डॉ. अंतरा देब रॉय (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. गौतम दत्ता (ऑर्थोपेडिक सर्जन), डॉ. अनन्या दत्ता (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. रश्मि सिंह और डॉ. सी.एन. त्रिपाठी (डेंटिस्ट) शामिल रहे। सभी डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए डॉ. देबाशीष देब रॉय ने कहा कि समय-समय पर नियमित स्वास्थ्य जांच कराने से गंभीर बीमारियों का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है। वहीं डॉ. गौतम दत्ता ने हड्डियों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि हड्डियों की देखभाल को कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
कार्यक्रम में श्री प्रोबीर भट्टाचार्य, श्री मृदुल घोष बिस्वास, श्री संजय मित्रा, श्री प्रशांत मुखर्जी, श्री श्यामल कांति बोस, श्री प्रदीप कुमार सरकार, श्री तुषार गांगुली सहित कई गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी डॉक्टरों, सहयोगियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

