दिल्ली में शुक्रवार, 9 जनवरी की सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। तड़के अंधेरा छंटने से पहले ही राजधानी और एनसीआर क्षेत्र में घने काले बादलों ने आसमान को ढक लिया और करीब सुबह 6:30 बजे के बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब आधे से पौन घंटे तक हुई तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया और लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास और बढ़ गया।
बारिश के बाद भी राजधानी में हल्की बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है। बारिश के साथ उत्तर-पश्चिमी दिशा से चल रही ठंडी हवाओं ने दिल्ली की ठंड को और तीखा कर दिया है। सुबह-सुबह दफ्तर जाने वाले लोगों और स्कूल जाने वाले बच्चों को ठंड के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में शीतलहर का असर बना रह सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया है कि शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
IMD ने लोगों को सुबह और रात के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासतौर पर बुजुर्गों और छोटे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की अपील की गई है। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते राजधानी में ठंड का प्रकोप अभी कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है।

