कानपुर में भीषण ठंड और कोहरे के चलते नर्सरी से कक्षा 8 तक के स्कूल 2 दिन बंद, DM ने जारी किया आदेश

कानपुर। जनपद कानपुर नगर में लगातार बढ़ती ठंड, शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी कानपुर नगर जितेंद्र प्रताप सिंह ने नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों में 09 जनवरी 2026 और 10 जनवरी 2026 को शीत अवकाश घोषित कर दिया है।

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि वर्तमान मौसम परिस्थितियां बच्चों के लिए जोखिम भरी हो सकती हैं। अत्यधिक ठंड और कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता कम हो जाती है, जिससे आवागमन में भी परेशानी बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है.

यह आदेश जनपद कानपुर नगर में संचालित समस्त बोर्डों के विद्यालयों पर लागू होगा। इसमें परिषदीय विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्ड से संबद्ध स्कूल भी शामिल हैं।

कड़ाई से पालन कराने के निर्देश

जिलाधिकारी ने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि शीत अवकाश के आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी विद्यालय में आदेश का उल्लंघन न हो।

इन अधिकारियों को भेजी गई सूचना

इस आदेश की प्रतिलिपि मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों को भेज दी गई है। साथ ही जनपद के समस्त प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापकों को भी आदेश का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

अभिभावकों को राहत, बच्चों की सेहत को प्राथमिकता

प्रशासन के इस फैसले से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। लगातार गिरते तापमान और कोहरे के बीच बच्चों को स्कूल भेजने की चिंता से उन्हें अस्थायी राहत मिली है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *