लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आम जनता की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने आदेश दिया है कि प्रदेश में कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल 1 जनवरी तक बंद रहेंगे, जिसमें ICSE, CBSE और यूपी बोर्ड के सभी विद्यालय शामिल हैं।
सीएम योगी ने कहा कि शीतलहर के इस दौर में बच्चों के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों को मैदानी स्तर पर सक्रिय रहने और हालात पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हर जनपद में जरूरतमंदों के लिए कंबल और अलाव की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि कोई भी व्यक्ति खुले में ठंड से प्रभावित होकर रात बिताने को मजबूर न हो। उन्होंने यह भी कहा कि रैन बसेरों में सभी आवश्यक सुविधाएं जैसे गर्म बिस्तर, साफ-सफाई, पानी और सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शीतलहर के दौरान किसी भी व्यक्ति को परेशानी न हो, इसके लिए हर स्तर पर पूरी संवेदनशीलता के साथ काम किया जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रशासन की ओर से किए जा रहे इंतजामों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
राज्य सरकार के इस फैसले से जहां बच्चों और अभिभावकों को राहत मिली है, वहीं शीतलहर से जूझ रहे गरीब और बेसहारा लोगों को भी प्रशासनिक सहायता मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

