आयुष्मान कार्ड से आच्छादित होंगी आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाएं, सांसद अनुराग शर्मा ने नवनियुक्त सहायिकाओं को बांटे नियुक्ति पत्र

झांसी। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं विभागीय लाभार्थियों का सम्मान समारोह तथा नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम दीनदयाल सभागार, झांसी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री अनुराग शर्मा ने की।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनाड ने सांसद का बुके भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान अयोध्या में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण भी देखा गया।

अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय को ₹8,000 से बढ़ाकर ₹12,000 तथा आंगनबाड़ी सहायिकाओं के मानदेय को ₹4,000 से बढ़ाकर ₹6,000 किए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को आयुष्मान कार्ड से आच्छादित किए जाने की घोषणा की गई। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को तीन-तीन साड़ियों के क्रय हेतु धनराशि भी डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में अंतरित की गई।

सांसद अनुराग शर्मा ने मानदेय में वृद्धि एवं आयुष्मान कार्ड की सुविधा मिलने पर जनपद की सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को बधाई दी। उन्होंने नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। साथ ही रेसिपी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तथा सैम/मैम श्रेणी के बच्चों के सामान्य श्रेणी में सुधार होने पर उनके माता-पिता को सम्मानित किया गया।

सांसद ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा छोटे बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और विकास के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध करा रही हैं। बच्चों एवं महिलाओं के पोषण और स्वास्थ्य में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और वे राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

उन्होंने बताया कि शीघ्र ही झांसी में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें देश-विदेश के जाने-माने चिकित्सकों को आमंत्रित कर बच्चों तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे स्वस्थ और पोषित होंगे तो राष्ट्र भी उन्नति की ओर अग्रसर होगा।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी, मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनाड, सहायक निदेशक सूचना श्री सुरजीत सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री सुरेन्द्र पटेल, जिला युवा कल्याण अधिकारी श्री शिवराम, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री दिनेश सिंह राजपूत, बाल विकास परियोजना अधिकारी बंगरा श्रीमती स्नेह गुप्ता, शिक्षाविद् एवं समाज सेविका डॉ. नीति शास्त्री, श्रीमती पूर्णिमा श्रीवास्तव, श्री चन्द्र प्रकाश साहू, श्री शशिकांत कन्नौजिया, श्रीमती वंदना कुशवाह सहित बड़ागांव, बबीना एवं शहर झांसी की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं एवं मुख्य सेविकाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री दिनेश सिंह राजपूत ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *