अयोध्या में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया राम दरबार में श्रीराम यंत्र की स्थापना, गूंजे वैदिक मंत्र

Saloni Tiwari (Chief Editor): AMD News: द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को अयोध्या स्थित भव्य राम मंदिर अयोध्या पहुंचीं, जहां उन्होंने मंदिर के दूसरे तल पर बने राम दरबार में श्रीराम यंत्र की विधिवत स्थापना की। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण की गूंज सुनाई दी, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और आध्यात्मिक हो गया।

राष्ट्रपति मुर्मू ने पूजा के दौरान विधि-विधान से पूजन सामग्री भगवान को अर्पित की। उनके हाथ में एक पात्र दिखाई दिया, जिसमें दूब घास सहित अन्य पूजन सामग्री रखी हुई थी। पूजा के दौरान उन्होंने उस पात्र को अपने माथे से लगाकर आस्था व्यक्त की। मंदिर के पुजारियों द्वारा लगातार मंत्रोच्चारण किया जा रहा था, जिससे पूरा वातावरण दिव्यता से भर गया।

राम दरबार में स्थापित किया गया श्रीराम यंत्र गोल्डन रंग का है, जो देखने में अत्यंत आकर्षक, दिव्य और अद्भुत प्रतीत हो रहा था। इस खास धार्मिक अनुष्ठान का दृश्य वहां मौजूद श्रद्धालुओं के लिए बेहद भावुक और अविस्मरणीय रहा।

यह राष्ट्रपति मुर्मू का रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद दूसरा अयोध्या दौरा है। इससे पहले वे 1 मई 2024 को अयोध्या आई थीं, जहां उन्होंने हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन-पूजन किया था।

वहीं योगी आदित्यनाथ ने इस पूजन का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें राष्ट्रपति मुर्मू पूरे श्रद्धा भाव से पूजा करते हुए नजर आ रही हैं। यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति का एक प्रेरणादायक संदेश भी लेकर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *