कानपुर की प्रतिभाशाली बेटी अंशिका गुप्ता ने अपनी मेहनत, आत्मविश्वास और लगन के दम पर सौंदर्य प्रतियोगिता के मंच पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मैकेनिकल इंजीनियर अंशिका ने हाल ही में आयोजित मिस उत्तर प्रदेश प्रतियोगिता में फर्स्ट रनर-अप बनकर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे कानपुर का नाम रोशन किया है।
अंशिका की सफलता की कहानी भी बेहद दिलचस्प और प्रेरणादायक है। बचपन में एक स्टूडियो में नकली ताज पहनकर खिंचवाई गई तस्वीर आज हकीकत बन चुकी है। दरअसल, उस समय उनकी मां ने मजाक-मजाक में बेटी को ताज पहनाकर फोटो खिंचवाई थी। उसी तस्वीर को याद करते हुए अंशिका बताती हैं कि मां की वही अधूरी ख्वाहिश उन्हें मिस यूपी के मंच तक ले आई।
मां का सपना हुआ पूरा
कानपुर जर्नलिस्ट क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अंशिका ने बताया कि यह उनका पहला ब्यूटी पेजेंट था और पहली ही कोशिश में रनर-अप बनना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने कहा कि भले ही पहला स्थान न मिला हो, लेकिन रनर-अप का ताज घर लाना भी उनके लिए बेहद खास है। भावुक होते हुए अंशिका ने कहा कि आज उन्होंने कहीं न कहीं अपनी मां का सपना पूरा कर दिया है। अब उनका लक्ष्य मिस इंडिया और आगे चलकर मिस यूनिवर्स का ताज जीतना है।
रैंप वॉक के दौरान मां की तालियों ने बढ़ाया हौसला
मिस यूपी के ग्रैंड फिनाले के दौरान जब अंशिका रैंप वॉक कर रही थीं, तब दर्शक दीर्घा में बैठी उनकी मां लगातार तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ा रही थीं। बेटी की सफलता की खुशी उनकी आंखों में साफ झलक रही थी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी कहा कि उन्होंने किसी मां को अपनी बेटी के लिए इतना उत्साहित पहले कभी नहीं देखा।
ऑडिशन में चयन की खबर सुनकर झूम उठीं अंशिका
अंशिका ने बताया कि मिस यूपी प्रतियोगिता के ऑडिशन में करीब 40 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। सबसे पहले इंट्रोडक्शन राउंड हुआ, जिसके बाद फोन कॉल के जरिए अगले राउंड के लिए चयन की सूचना दी गई। जब उन्हें कॉल आया तो वह खुशी से झूम उठीं, क्योंकि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि पहली ही कोशिश में उनका चयन हो जाएगा। इसके बाद एक सप्ताह का ग्रूमिंग सेशन हुआ, जिसमें रैंप वॉक, स्टेज प्रेजेंस, कम्युनिकेशन और आत्मविश्वास से बोलने की ट्रेनिंग दी गई।
इंजीनियरिंग के साथ मॉडलिंग में बनाई पहचान
अंशिका गुप्ता की शुरुआती पढ़ाई कानपुर के डॉ. वीरेन्द्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर, अवधपुरी से हुई। इसके बाद उन्होंने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने अपने सपनों को भी प्राथमिकता दी और मॉडलिंग के क्षेत्र में कदम रखा।
फॉरएवर स्टार इंडिया द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंशिका ने पहले मिस कानपुर नगर का खिताब जीता और इसके बाद ग्रैंड फिनाले में मिस उत्तर प्रदेश फर्स्ट रनर-अप बनकर नई उपलब्धि हासिल की।
बेटियों को प्रेरित करना है लक्ष्य
अंशिका का कहना है कि वह अपने इस मंच के जरिए समाज की बेटियों और युवतियों को प्रेरित करना चाहती हैं। उनका मानना है कि हर लड़की को बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें पूरा करने का साहस भी रखना चाहिए। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय फॉरएवर स्टार इंडिया के संस्थापक राजेश अग्रवाल को देते हुए कहा कि यह मंच देश की बेटियों को अपने सपनों को साकार करने का अवसर दे रहा है।

