कानपुर-इटावा हाईवे पर भीषण हादसा

कानपुर। इटावा-कानपुर हाईवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस्पात नगर के सामने पुल के ऊपर एक डबल डेकर टूरिस्ट बस को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे बस में सवार कई यात्री घायल हो गए और कुछ लोग बस के अंदर फंस गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 14 मार्च 2026 को सुबह 06:27 बजे मिनी कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि इटावा-कानपुर हाईवे पर इस्पात नगर के सामने पुल के ऊपर एक टूरिस्ट बस का एक्सीडेंट हो गया है और उसमें कई लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए फायर स्टेशन पनकी से गाड़ी संख्या 2463 को मौके के लिए रवाना किया गया।

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि एक डबल डेकर टूरिस्ट बस को ट्रक ने टक्कर मार दी थी, जिससे बस में सवार कई यात्री घायल हो गए और कुछ लोग अंदर फंस गए। इसके बाद अग्निशमन कर्मियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और फायर स्टेशन फजलगंज से रेस्क्यू एंबुलेंस संख्या 3717 की मांग की गई।

रेस्क्यू टीम ने बस की खिड़कियां तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। बताया जा रहा है कि यह बस नासिक से अयोध्या होते हुए नेपाल जा रही थी, जिसमें कुल 57 यात्री सवार थे।

हादसे में 15 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं और 1 यात्री की हालत अति गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

मौके पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा के निर्देशन में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी पनकी, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी किदवई नगर और प्रभारी अग्निशमन अधिकारी फजलगंज ने पुलिस और अन्य टीमों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *