दिल्ली में डीटीसी बस ने राहगीरों को मारी टक्कर, 2 की मौत; गुस्साई भीड़ ने बस में लगाई आग, कई बसों में तोड़फोड़

दिल्ली के नांगलोई-नजफगढ़ रोड पर सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। थाना निहाल विहार क्षेत्र के कमरुद्दीन नगर गांव मोड़ के पास डीटीसी की एक बस ने तीन राहगीरों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल महिला का इलाज अभी जारी है। मृतकों में से एक की पहचान निहाल विहार निवासी रविकांत के रूप में हुई है। वहीं अन्य घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने विरोध प्रदर्शन करते हुए एक डीटीसी बस में आग लगा दी और करीब 6 से 7 बसों में तोड़फोड़ कर दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *