महोबा में ISRO की ‘Space on Wheels’ प्रदर्शनी का शुभारंभ, विद्यार्थियों में दिखा अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति उत्साह

सलोनी तिवारी: महोबा। Indian Space Research Organisation (ISRO) की ‘Space on Wheels’ अंतरिक्ष विज्ञान प्रदर्शनी (Mobile Van) का शुभारंभ आज ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल, महोबा में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मा. प्रभारी मंत्री/राज्य मंत्री (नगर विकास, उ.प्र. शासन) श्री राकेश कुमार राठौर “गुरु” जी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर मा. सदर विधायक श्री गोस्वामी जी, जिलाध्यक्ष कुशवाहा जी एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

ISRO की ‘Space on Wheels’ पहल का उद्देश्य भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम और उपलब्धियों को सीधे विद्यार्थियों तथा आमजन तक पहुँचाना है। यह विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में वैज्ञानिक चेतना और जिज्ञासा को प्रोत्साहित करने की एक प्रेरणादायक पहल है।

प्रदर्शनी के दौरान ISRO के वैज्ञानिक श्री अंकित धेरजा एवं श्री योगेन्द्र सिंह ने विभिन्न मॉडलों के माध्यम से अंतरिक्ष विज्ञान, उपग्रह और रॉकेट तकनीक से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। छात्र-छात्राओं को रॉकेट प्रक्षेपण प्रणाली, सैटेलाइट संरचना और अंतरिक्ष अनुसंधान की बारीकियों से रूबरू कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। विशेषज्ञों ने बताया कि इस प्रकार की पहलें बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और उन्हें भविष्य में विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।

यह अंतरिक्ष प्रदर्शनी 28 फरवरी को ‘नेशनल साइंस डे’ के अवसर पर चिंतामणि हाई स्कूल, कुलपहाड़ पहुँचेगी, जहाँ रॉकेट, सैटेलाइट एवं अंतरिक्ष से जुड़े विभिन्न मॉडलों के माध्यम से छात्रों को अंतरिक्ष की रोचक जानकारी दी जाएगी।

ISRO की यह पहल निश्चित रूप से ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों के लिए अंतरिक्ष विज्ञान की दुनिया से जुड़ने का एक सुनहरा अवसर साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *