पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार दोपहर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। जानकारी के अनुसार दोपहर 1 बजकर 22 मिनट पर धरती कांपी और करीब 52 सेकंड के भीतर कुल तीन झटके दर्ज किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5 मापी गई है।
भूकंप का असर दार्जिलिंग, सिक्किम और पड़ोसी देश नेपाल के कई इलाकों में भी महसूस किया गया। झटकों के बाद लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग घरों व दफ्तरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए।
भूकंप के तुरंत बाद एहतियातन नबन्ना (राज्य सचिवालय) और पश्चिम बंगाल विधानसभा को खाली करा लिया गया। प्रशासन की ओर से लोगों से शांत रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झटकों के दौरान छत के पंखे हिलने लगे, फर्नीचर खिसकने लगे और खिड़कियां खड़खड़ाने लगीं। बहुमंजिला इमारतों में कंपन अधिक महसूस किया गया। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और आपदा प्रबंधन की टीमें सतर्क कर दी गई हैं। नागरिकों को अफवाहों से बचने और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई है।

