नेपाल के धादिंग जिला में भीषण बस हादसा, 18 की मौत, कई घायल

काठमांडू/धादिंग, 23 फरवरी। नेपाल के धादिंग जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब यात्रियों से भरी एक बस त्रिशूली नदी में जा गिरी। इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, बस पोखरा से काठमांडू की ओर जा रही थी। रात करीब 1:15 बजे धादिंग जिले के बेनिघाट रोरांग क्षेत्र से गुजरते समय अचानक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे बस अनियंत्रित होकर त्रिशूली नदी में गिर गई। हादसे के कारणों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रारंभ में 17 शव बरामद किए गए थे। बाद में अस्पताल में उपचार के दौरान एक और गंभीर रूप से घायल यात्री की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 18 हो गई। मृतकों में दो विदेशी नागरिक—एक पुरुष और एक महिला—भी शामिल हैं। हालांकि वे किस देश के नागरिक थे, इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।

डिस्ट्रिक्ट ट्रैफिक पुलिस ऑफिस, धादिंग के प्रमुख शिशिर थापा ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की है। वहीं हाईवे रेस्क्यू मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन राजकुमार ठाकुरी ने बताया कि बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे। रात का समय होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही नेपाली आर्मी, आर्म्ड पुलिस फोर्स, नेपाल पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। संयुक्त प्रयासों से सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया।

नेपाल में पहाड़ी रास्तों, संकरे हाईवे और खराब मौसम के चलते सड़क हादसे अक्सर सामने आते रहते हैं। प्रशासन ने इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *