चित्रकूट, संयुक्त जिला चिकित्सालय चित्रकूट में बच्चों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई। केनरा बैंक द्वारा निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत विकसित “किलकारी किड्स प्ले जोन” का भव्य शुभारंभ जिलाधिकारी, चित्रकूट तथा बैंक के मंडल प्रबंधक, प्रयागराज द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में स्थापित इस विशेष प्ले जोन का अवलोकन किया गया, जहां बच्चों के लिए शैक्षणिक एवं मनोरंजक उपकरण, रंग-बिरंगे खिलौने और रचनात्मक गतिविधियों की सामग्री उपलब्ध कराई गई है। उद्घाटन के अवसर पर मौजूद बच्चे इन सुविधाओं को देखकर अत्यंत उत्साहित और आनंदित नजर आए।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि अस्पतालों में आने वाले छोटे बच्चों को अक्सर लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ती है, जिससे वे बेचैन हो जाते हैं। ऐसे में “किलकारी किड्स प्ले जोन” जैसे बाल-अनुकूल (Child-Friendly) वातावरण का निर्माण एक सराहनीय पहल है। इससे ओपीडी एवं टीकाकरण के लिए आने वाले बच्चों को प्रतीक्षा अवधि के दौरान खेल-खेल में सीखने का अवसर मिलेगा और उनका मानसिक एवं शारीरिक विकास भी सकारात्मक रूप से प्रभावित होगा।
उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखती है, बल्कि उनके भावनात्मक संतुलन और रचनात्मक विकास में भी सहायक सिद्ध होगी। अस्पताल का वातावरण यदि बच्चों के अनुकूल हो, तो इलाज की प्रक्रिया भी अधिक सहज और तनावमुक्त बनती है।


