सलोनी तिवारी: नई दिल्ली/भिवाड़ी। राजस्थान के भिवाड़ी में स्थित खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र की एक केमिकल फैक्ट्री में सोमवार सुबह हुए भीषण धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। धमाके के बाद फैक्ट्री में आग इतनी तेजी से फैली कि वहां काम कर रहे मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस दर्दनाक हादसे में सात मजदूरों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूरों के अब भी अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
यह घटना खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के प्लॉट संख्या जी-1/118 स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में हुई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक हुए तेज धमाके के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया, जिससे कई मजदूर बाहर निकलने में असमर्थ रहे।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत शुरू की। घंटों की मेहनत के बाद आग पर आंशिक नियंत्रण पाया जा सका। राहत और बचाव अभियान के दौरान दमकल कर्मियों ने सात मजदूरों के शव बाहर निकाले। प्रशासन को आशंका है कि दो मजदूर अब भी अंदर फंसे हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही भिवाड़ी के पुलिस अधीक्षक प्रशांत किरण (एसपी) और अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सुमिता मिश्रा (एडीएम) सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और राहत कार्यों की निगरानी की। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

