सलोनी तिवारी :कानपुर के थाना गोविंद नगर क्षेत्रांतर्गत स्थित 126/26 साईं विला अपार्टमेंट में आज दिनांक 16.02.2026 को अचानक आग लगने की सूचना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सीएफओ कानपुर के नेतृत्व में दमकल विभाग की कुल तीन अग्निशमन यूनिट मौके पर अतिशीघ्र पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
दमकल कर्मियों ने मुस्तैदी और सूझबूझ का परिचय देते हुए अल्प समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। साथ ही भवन में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही फ्लैट में धुआं भर गया था, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। लेकिन फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई के चलते संभावित बड़ा हादसा टल गया।
प्राथमिक जांच में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। दमकल विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों और अपार्टमेंट में अग्नि सुरक्षा उपकरण अवश्य रखें और बिजली के उपकरणों का सावधानीपूर्वक उपयोग करें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
दमकल विभाग की तत्परता और साहसिक कार्य के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई और सभी लोग सुरक्षित हैं।

