कानपुर। महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। परमट मंदिर और उसके आसपास श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। यह व्यवस्था शनिवार रात 10 बजे से रविवार रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी।
यातायात विभाग के अनुसार, भीड़ और जाम की स्थिति से बचने के लिए भारी वाहनों के रूट में बदलाव किया गया है। मेहरुद्दीन तिराहे से सरसैया घाट होते हुए टेप्पो तिराहे की ओर जाने वाले भारी वाहन अब उस दिशा में नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को मेहरुद्दीन तिराहे से बड़ा चौराहा होते हुए जाजमऊ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
कंपनीबाग की ओर से आने वाले भारी वाहन, जो पहले टेप्पो तिराहे की तरफ जाते थे, अब वे रेव थ्री से दाहिने मुड़कर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
पार्किंग की विशेष व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
टेप्पो तिराहे से परमट मंदिर की ओर आने वाले दो और चार पहिया वाहन रेन बसेरा व बक्कल स्थल पर पार्क किए जाएंगे।
डीएवी कॉलेज की ओर से आने वाले वाहन ग्रीन पार्क गेट नंबर-10 की पार्किंग में खड़े होंगे।
ग्रीन पार्क की दिशा से आने वाले श्रद्धालु मैक्सफोर्ट अस्पताल की पार्किंग का उपयोग करेंगे।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
यातायात प्रभारी ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन नो-एंट्री पास निरस्त रहेंगे और ट्रैफिक कंट्रोल रूम व हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं, ताकि किसी भी असुविधा की स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सभी का सहयोग जरूरी है, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

