महोबा में सूर्य महोत्सव का रंगारंग दूसरा दिन: भजन, आल्हा और लोकनृत्य से गूंजा मोदी ग्राउंड

सलोनी तिवारी: महोबा। जनपद महोबा में आयोजित सूर्य महोत्सव के दूसरे दिन मोदी ग्राउंड (मेला ग्राउंड) का सांस्कृतिक मंच भक्ति, वीर रस और लोकसंस्कृति की अद्भुत छटा से सराबोर हो उठा। शाम ढलते ही कार्यक्रम स्थल पर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा मैदान तालियों व जयकारों से गूंज उठा। स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ बाहर से आए अतिथि कलाकारों ने भी अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत भजन संध्या से हुई, जिसमें सुप्रसिद्ध भजन गायिका सुश्री अधिष्ठा और सुश्री अनुष्का ने अपनी मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उनके द्वारा प्रस्तुत भजनों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु झूमते नजर आए और कई लोग भक्ति में डूबकर साथ-साथ गुनगुनाते रहे।

इसके बाद कु. प्रतीक्षा यादव ने आल्हा गायन प्रस्तुत कर वीर रस की गूंज से मंच को ऊर्जावान कर दिया। उनकी दमदार आवाज और प्रभावशाली अंदाज ने बुंदेलखंड की गौरवशाली परंपरा को जीवंत कर दिया। दर्शकों ने उत्साहपूर्वक तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।

भजन गायक श्री मृदुल गौरव रावत ने भी अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया। उनके भजनों ने श्रोताओं के मन को छू लिया और माहौल में सकारात्मकता की लहर दौड़ गई।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में सुश्री हनी भार्गव ग्रुप और पंकज तिवारी द्वारा प्रस्तुत लोकनृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। रंग-बिरंगे परिधानों और तालबद्ध नृत्य ने बुंदेलखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक पेश की। दर्शक देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।

सूर्य महोत्सव का यह दूसरा दिन सांस्कृतिक एकता और परंपरा का सुंदर संगम बनकर सामने आया। आयोजकों के अनुसार आगामी दिनों में भी विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे महोत्सव की भव्यता और बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *