लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में आज बुधवार 11 फरवरी को योगी आदित्यनाथ सरकार का बजट 2026 पेश किया जाएगा। राज्य के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना सुबह 11 बजे विधानसभा के पटल पर बजट प्रस्तुत करेंगे। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस बजट को बेहद अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि सरकार इस बजट के जरिए महिलाओं, युवाओं और किसानों को साधने की कोशिश करेगी।
बजट पेश होने से पहले सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक होगी, जिसमें बजट प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद वित्त मंत्री विधानसभा में बजट पेश करेंगे। इस बार का बजट योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट होगा, जिससे इसकी राजनीतिक और आर्थिक महत्ता और बढ़ गई है।
यूपी सरकार का अब तक का सबसे बड़ा बजट संभव
सूत्रों के अनुसार, बजट 2026 उत्तर प्रदेश सरकार का अब तक का सबसे बड़ा बजट हो सकता है। इसमें बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और औद्योगिक विकास पर भारी निवेश का प्रावधान किया जा सकता है। साथ ही स्मार्ट सिटी, एक्सप्रेसवे, मेट्रो परियोजनाओं और ग्रामीण विकास योजनाओं के लिए भी अतिरिक्त धनराशि आवंटित होने की संभावना है।
महिलाओं के लिए हो सकते हैं बड़े ऐलान
चुनावी वर्ष को देखते हुए सरकार महिलाओं को केंद्र में रखकर नई योजनाओं की घोषणा कर सकती है। महिलाओं के स्वरोजगार, आर्थिक सशक्तिकरण और सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं पर विशेष फोकस रहने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि सरकार बिहार की तर्ज पर महिलाओं के लिए किसी नई रोजगार या सहायता योजना का ऐलान कर सकती है।
युवाओं और रोजगार पर रहेगा फोकस
बजट 2026 में युवाओं के लिए नई सरकारी भर्तियों, स्किल डेवलपमेंट और रोजगार सृजन से जुड़े बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भी कुछ राहत भरे ऐलान संभव हैं। स्टार्टअप्स और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाओं की घोषणा की जा सकती है।
2027 चुनाव से पहले अहम बजट
चूंकि यह योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट है, इसलिए इसे 2027 विधानसभा चुनाव की दृष्टि से बेहद रणनीतिक माना जा रहा है। बजट के जरिए सरकार अपने विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता के सामने मजबूती से रखने की कोशिश करेगी।
अब सभी की निगाहें आज पेश होने वाले बजट पर टिकी हैं कि योगी सरकार किन वर्गों को कितना बड़ा तोहफा देती है और किन नई योजनाओं से प्रदेश की राजनीति और अर्थव्यवस्था को दिशा मिलती है।

