महोबा – सूर्य आरती के साथ ‘सूर्य महोत्सव 2026’ का भव्य शुभारंभ, 4 दिवसीय प्लेनेटोरियम से युवाओं को मिलेगा अंतरिक्ष ज्ञान

सलोनी तिवारी: महोबा – 11 फरवरी 2026। जनपद महोबा में आज सूर्य आरती एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ ‘सूर्य महोत्सव 2026’ का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मा० प्रभारी मंत्री जी, मा० विधायक सदर एवं मा० विधान परिषद सदस्य की वर्चुअल उपस्थिति रही, जबकि जनपद के समस्त जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी महोबा श्रीमती गजल भारद्वाज तथा पुलिस अधीक्षक श्री प्रबल प्रताप सिंह की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।

सूर्य आराधना के साथ प्रारंभ हुए इस महोत्सव में सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला भी आयोजित की जा रही है। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की भारी उपस्थिति देखने को मिली। पूरे वातावरण में भक्ति, उत्साह और ऊर्जा का अद्भुत संगम दिखाई दिया।

महोत्सव के अंतर्गत छात्रों एवं युवाओं के लिए 4 दिवसीय भव्य प्लेनेटोरियम का भी उद्घाटन किया गया। इस विशेष पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागरूक करना और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करना है। प्लेनेटोरियम में आधुनिक तकनीक के माध्यम से अंतरिक्ष, ग्रह-नक्षत्रों एवं सौरमंडल से जुड़ी रोचक और ज्ञानवर्धक जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।

प्रथम दिवस के कार्यक्रमों की श्रृंखला में दोपहर बाद पुस्तक मेले का शुभारंभ, किसान गोष्ठी तथा अन्य विविध शैक्षिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। किसान गोष्ठी में कृषि से संबंधित नवीन तकनीकों, योजनाओं एवं नवाचारों की जानकारी किसानों को दी जाएगी, जिससे उन्हें आधुनिक खेती के लिए प्रेरणा मिल सके।

जिला प्रशासन की ओर से छात्रों एवं युवाओं से विशेष अपील की गई है कि वे 4 दिवसीय प्लेनेटोरियम का अधिक से अधिक संख्या में भ्रमण कर अपने अंतरिक्ष संबंधी ज्ञान में वृद्धि करें। साथ ही 16 फरवरी 2026 को इसरो (SAC) के निदेशक के साथ आयोजित ऑनलाइन संवाद कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया गया है। यह संवाद युवाओं के लिए अंतरिक्ष अनुसंधान और करियर संभावनाओं को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।

‘सूर्य महोत्सव 2026’ न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह शिक्षा, विज्ञान और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने का भी सशक्त मंच बनकर उभर रहा है। आयोजन के माध्यम से जनपद में सांस्कृतिक और वैज्ञानिक चेतना को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *