महोबा के प्राचीन सूर्य मंदिर रहेलिया में सूर्य महोत्सव के दौरान होगा अंतरिक्ष दर्शन कार्यक्रम का आयोजन

महोबा जनपद में 11 फरवरी से 17 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले “सूर्य महोत्सव” के अंतर्गत एक विशेष अंतरिक्ष दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम प्राचीन सूर्य मंदिर रहेलिया, महोबा में स्पेस इंडिया एवं एस्ट्रोटूरिज्म इंडिया के सहयोग से 11 फरवरी से 14 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा।

इस आयोजन का उद्देश्य आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं को खगोल विज्ञान और अंतरिक्ष विज्ञान से परिचित कराना है। कार्यक्रम के माध्यम से वैज्ञानिक ज्ञान के साथ-साथ लोगों को अंतरिक्ष से जुड़े रोचक तथ्यों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

अंतरिक्ष दर्शन कार्यक्रम के अंतर्गत तारा मंडल प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें ब्रह्मांड, ग्रहों और तारों से संबंधित जानकारियां प्रदर्शित की जाएंगी। इसके साथ ही आधुनिक दूरबीन के माध्यम से ग्रहों का प्रत्यक्ष दर्शन कराया जाएगा।

कार्यक्रम में वर्चुअल रियलिटी (VR) तकनीक के जरिए प्रतिभागियों को अंतरिक्ष यात्रा जैसा वास्तविक अनुभव भी मिलेगा। वहीं, विशेष सुरक्षा फिल्टर के माध्यम से सूर्य दर्शन की भी व्यवस्था की गई है, जिससे लोग सुरक्षित रूप से सूर्य को देख सकेंगे।

आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम धार्मिक, सांस्कृतिक और वैज्ञानिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे महोबा जिले में एस्ट्रो टूरिज्म को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि भी विकसित होगी।

आगामी त्यौहारों एवं 11 से 17 फरवरी 2026 तक महोबा शहर में आयोजित होने वाले “सूर्य महोत्सव” को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से शांति एवं कानून व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिलाधिकारी महोबा गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक महोबा के साथ धर्म गुरुओं, जनपद के वरिष्ठ व सम्मानित नागरिकों तथा समाजसेवियों की उपस्थिति में संपन्न हुई।

बैठक के दौरान आगामी महाशिवरात्रि, होली एवं ईद जैसे प्रमुख पर्वों को आपसी भाईचारे, पारंपरिक मूल्यों और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने सभी से भ्रामक खबरों, अफवाहों एवं सोशल मीडिया पर फैलने वाली गलत सूचनाओं से सतर्क रहने का विशेष आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *