लखनऊ।उत्तर प्रदेश में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और जाति विशेष को लांछित करने के आरोप में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रसारित वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडित’ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। हजरतगंज थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।आरोप है कि उक्त वेब सीरीज में एक विशेष जाति को अपमानजनक और नकारात्मक तरीके से चित्रित किया गया है, जिससे जातिगत भावनाएं आहत हुई हैं। पुलिस के अनुसार, यह कंटेंट वैमनस्य फैलाने और समाज में आपसी सौहार्द बिगाड़ने की मंशा से प्रसारित किया गया।जानकारी के मुताबिक, यह वेब सीरीज नेटफ्लिक्स जैसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रसारित की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए हजरतगंज पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रदेश सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि किसी भी जाति, धर्म या समुदाय को अपमानित करने वाले कंटेंट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून व्यवस्था और सामाजिक एकता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अब वेब सीरीज के निर्माताओं, निर्देशकों और प्लेटफॉर्म की भूमिका की भी जांच कर रही है।

