यूपी में कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों को मिलेगी मुफ्त ऑनलाइन क्लास की सुविधा

उत्तर प्रदेश में पढ़ाई को और अधिक सरल, सुलभ और प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब राज्य के कक्षा 6 से 12 तक के छात्र घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई कर सकेंगे। यह पहल बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा शुरू की गई है, जिसके तहत विभिन्न विषयों के रिकॉर्डेड वीडियो लेक्चर तैयार किए जा रहे हैं।

राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की ओर से योग्य और अनुभवी शिक्षकों के माध्यम से इन वीडियो लेक्चरों को रिकॉर्ड कराया जा रहा है। संयुक्त निदेशक ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों की विषयों पर पकड़ को मजबूत करना और कठिन विषयों को आसान तरीके से समझाना है, जिससे विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में लगातार सुधार हो सके।

यह योजना बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा के निर्देशन में लागू की गई है। इसके अंतर्गत छात्र भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित जैसे महत्वपूर्ण विषयों की तैयारी कभी भी और कहीं से कर सकेंगे।

ऑनलाइन क्लास की यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क होगी। छात्र इन वीडियो लेक्चरों को एससीईआरटी की आधिकारिक वेबसाइट, समग्र शिक्षा पोर्टल और दीक्षा प्लेटफॉर्म पर देख और सुन सकेंगे। भविष्य में इन शैक्षिक लेक्चरों को पीएम ई-विद्या चैनल पर भी प्रसारित करने की योजना है।

शिक्षा विभाग का मानना है कि डिजिटल माध्यम से पढ़ाई उपलब्ध कराने से प्रदेश के दूरदराज़ और ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *