कानपुर नगर में उद्योगपतियों को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने तथा पुलिस–उद्योग समन्वय को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से दिनांक 04 फरवरी 2026 को पुलिस आयुक्त कार्यालय स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट कानपुर नगर श्री रघुबीर लाल द्वारा की गई।
गोष्ठी में उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस सहयोग, अपराध नियंत्रण एवं निवेश के अनुकूल माहौल पर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस आयुक्त श्री रघुबीर लाल ने उद्योगपतियों को आश्वस्त किया कि कानपुर नगर पुलिस उनके व्यवसाय की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी समस्या के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक/संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) श्री आशुतोष कुमार, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) श्री दिनेश त्रिपाठी तथा पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) श्री सत्यजीत गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उद्योगपतियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उनके शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया।
गोष्ठी के अंत में पुलिस और उद्योग जगत के बीच नियमित संवाद बनाए रखने पर सहमति बनी, जिससे औद्योगिक विकास को गति मिले और कानपुर नगर में सुरक्षित व सकारात्मक कारोबारी वातावरण को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

