T20 World Cup 2026: पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच का किया बहिष्कार

नई दिल्ली। T20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले ही बड़े विवादों में घिरता नजर आ रहा है। पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में अपनी टीम को खेलने की मंजूरी तो दे दी है, लेकिन भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले का बहिष्कार करने का फैसला लिया है। यह मैच कोलंबो में आयोजित होना था।

पाकिस्तान सरकार ने इस फैसले की आधिकारिक जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर दी। सरकार ने अपने बयान में कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC T20 World Cup 2026 में भाग लेने की अनुमति दी गई है, हालांकि भारत के खिलाफ निर्धारित मैच में टीम मैदान पर नहीं उतरेगी।

पाकिस्तान के इस कदम का सीधा फायदा टीम इंडिया को मिलेगा। ICC के नियमों के अनुसार, यदि कोई टीम मैच खेलने से इनकार करती है तो विरोधी टीम को वॉकओवर के जरिए 2 अंक मिलते हैं। ऐसे में भारत बिना खेले ही अहम अंक अपने खाते में जोड़ लेगा।

गौरतलब है कि T20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होने जा रहा है और इससे पहले ही टूर्नामेंट विवादों से घिर चुका है। पिछले महीने BCCI के कहने पर मुस्तफिजुर रहमान को KKR द्वारा स्क्वॉड से रिलीज किए जाने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) नाराज हो गया था। इसके चलते बांग्लादेश ने भारत में मैच खेलने से इनकार कर दिया और अपने मुकाबले श्रीलंका में आयोजित कराने की मांग रखी।

हालांकि, ICC ने बांग्लादेश की इस मांग को खारिज कर दिया, जिसके बाद बांग्लादेश ने वर्ल्ड कप के बहिष्कार का ऐलान कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड बांग्लादेश के समर्थन में खड़ा नजर आया और उसके मैच श्रीलंका में कराने की मांग का समर्थन किया।

अब पाकिस्तान सरकार के भारत के खिलाफ मैच न खेलने के फैसले ने ICC और T20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्रिकेट प्रेमियों को जिस IND vs PAK महामुकाबले का बेसब्री से इंतजार था, वह इस फैसले के बाद फिलहाल होता नजर नहीं आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *