यूपी में महिला मतदाताओं पर फोकस, 31 जनवरी को बूथवार जुड़ेगा वोटर लिस्ट से नाम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान सबसे अधिक नाम महिलाओं के कटे जाने के बाद चुनाव आयोग ने इस पर गंभीरता दिखाई है। अब प्रदेश के सभी जिलों में बूथवार महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

प्रदेश में 31 जनवरी को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा। इस दिन सभी बूथों पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। बीएलओ मतदाताओं को एसआईआर के दौरान काटे गए 2.89 करोड़ नामों की सूची दिखाएंगे और मौके पर ही नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरने की सुविधा उपलब्ध कराएंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक बूथ पर बीएलओ की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही ऐसे युवा, जो 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, वे भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भर सकेंगे।

महिलाओं का नाम जोड़ने पर विशेष फोकस

एसआईआर में महिलाओं के नाम सबसे ज्यादा कटने को लेकर चुनाव आयोग ने विशेष रणनीति बनाई है। सभी सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने बूथों पर छूटी हुई महिलाओं के नाम जोड़ने को प्राथमिकता दें और इसके लिए विशेष निगरानी रखें।

1073 प्रवासी भारतीयों ने कराया पंजीकरण

उत्तर प्रदेश में अब तक 1073 प्रवासी भारतीयों ने मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6A भरा है। चुनाव आयोग द्वारा विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

सीईओ नवदीप रिणवा ने निर्देश दिए हैं कि विदेश में निवास कर रहे भारतीय नागरिकों को मतदाता फॉर्म भरने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। 18 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे भारतीय नागरिक, जो रोजगार, शिक्षा या अन्य कारणों से विदेश में रह रहे हैं और जिन्होंने किसी अन्य देश की नागरिकता नहीं ली है, वे मतदाता बन सकते हैं।

प्रवासी भारतीय voters.eci.gov.in वेबसाइट या ECI Net मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उनके नाम मतदाता सूची में शामिल होंगे, हालांकि उन्हें मतदाता पहचान पत्र नहीं मिलेगा। मतदान के समय वे पासपोर्ट के माध्यम से वोट डाल सकेंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *