लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र के किसान पथ पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में इंटरमीडिएट के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल होकर कोमा में चला गया। हादसे में एक अन्य छात्र को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, बाबूखेड़ा निवासी 18 वर्षीय शिवम यादव मोहनलालगंज स्थित मालती नारायण इंटर कॉलेज का छात्र था। गुरुवार को वह अपने दोस्त जतिन (निवासी हैवत मऊ मवैया) और एक अन्य सहपाठी के साथ स्कूल की फेयरवेल पार्टी में शामिल होने गया था। तीनों छात्र एक ही बाइक पर सवार होकर दोपहर में किसान पथ के रास्ते वापस लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि बाबूखेड़ा के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े डीसीएम वाहन से पीछे जा टकराई। उस समय डीसीएम चालक टायर बदल रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शिवम यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं जतिन की हालत गंभीर बनी हुई है और वह कोमा में है। तीसरे छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे हादसा जानलेवा साबित हुआ। शिवम के पिता सुभाष यादव एक मेडिकल स्टोर पर नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बड़े भाई और दो बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

