बांके बिहारी मंदिर में हाईवोल्टेज ड्रामा, प्रशासन के आगे सेवायत अनंत गोस्वामी की एक न चली

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बांके बिहारी जी मंदिर आगमन से कुछ समय पहले मंदिर परिसर में उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब सेवायत गोस्वामियों और उनके परिवार की महिलाओं का पुलिस प्रशासन से टकराव हो गया। वीवीआईपी दौरे को लेकर की गई सख्त सुरक्षा व्यवस्था के कारण हालात तनावपूर्ण हो गए।

रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बांके बिहारी जी के दर्शन के लिए मथुरा पहुंचे थे। उनके आगमन से पहले प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए मंदिर में सेवायत गोस्वामियों, उनकी महिलाओं और आम श्रद्धालुओं का प्रवेश रोक दिया। इसी फैसले से गोस्वामी समाज में आक्रोश फैल गया।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता कि प्रवेश रोके जाने के दौरान सेवायत गोस्वामी अनंत गोस्वामी के साथ पुलिस कर्मियों की धक्का-मुक्की की भी स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अनंत गोस्वामी ने प्रशासन के अधिकारियों से अपनी बात रखने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान उनकी एक न चली।

मंदिर प्रवेश से रोके जाने पर गोस्वामी समाज की महिलाओं ने इसे अवैधानिक बताते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं का कहना था कि वे मंदिर की परंपरागत सेवायत हैं और उन्हें अपने ही मंदिर में प्रवेश से रोकना नियमों और परंपराओं के खिलाफ है।

हालांकि इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बांके बिहारी जी के शांतिपूर्ण दर्शन किए, लेकिन इस घटनाक्रम ने एक बार फिर वीवीआईपी दौरों के दौरान मंदिर परंपराओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *