कानपुर। आईआईटी कानपुर परिसर में एक बार फिर छात्र आत्महत्या की घटना सामने आई है। मंगलवार दोपहर एक शोधार्थी ने हॉस्टल की छठी मंज़िल से कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद संस्थान परिसर में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों और छात्रों में गहरा शोक है।
मृतक की पहचान राजस्थान निवासी 28 वर्षीय रामस्वरूप के रूप में हुई है, जो आईआईटी कानपुर में अर्थ साइंस विभाग से पीएचडी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि रामस्वरूप दोपहर करीब डेढ़ बजे न्यू एसबीआर बिल्डिंग की छठी मंज़िल से कूद गए। उन्हें तत्काल शारदा नगर स्थित फॉर्च्यून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार रामस्वरूप पिछले काफी समय से मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रहे थे। वह अपनी पत्नी और दो वर्षीय बेटी के साथ आईआईटी कैंपस के न्यू एसबीआर हॉस्टल के कमरे नंबर एफ-21 में रह रहे थे। पत्नी ने बताया कि वह लंबे समय से डिप्रेशन में थे और उनका इलाज भी चल रहा था।

