चंदौली: मुगलसराय में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, 6 वाहनों को मारी टक्कर, 6 से अधिक घायल

चंदौली जनपद के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार रात एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सड़क पर अफरा-तफरी मचा दी। जलीलपुर चौकी अंतर्गत पड़ाव चौराहे पर वेस्ट बंगाल नंबर की स्कॉर्पियो ने पहले एक साइकिल सवार को कुचला, इसके बाद ई-रिक्शा समेत कुल छह वाहनों को जोरदार टक्कर मारते हुए जा टकराई। इस भीषण हादसे में छह से अधिक लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने स्कॉर्पियो में जमकर तोड़फोड़ की और कार चालक की धुनाई कर दी। पुलिस ने किसी तरह भीड़ के चंगुल से चालक को छुड़ाया और हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार हादसा गुरुवार रात करीब 10 बजे हुआ। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *